गौला फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई और पलटी
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी शहर के गौला फ्लाईओवर पर शुक्रवार शाम करीब चार बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। कार में एक युवती और तीन युवक सवार थे। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का एसटीएच में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार कार काठगोदाम से लालकुआं की तरफ जा रही थी। तभी अचानक कार घिसटती हुई काफी दूर तक गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एसटीएच भेजा, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और उनके होश में आने पर पूछताछ की जाएगी।