हल्द्वानी। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल चोरों के निशाने पर है। यहां से बीते दिनों दो लोगों की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पुलिस सीसीटीवी से आरोपी को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। काठगोदाम थाना क्षेत्र के नारायण विहार के रहने वाले निकेत साह ने बताया कि 18 जुलाई को उन्होंने अपनी बाइक अस्पताल की पार्किंग में खड़ी की थी। वापस लौटे तो वहां से मोटरसाइकिल गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बाइक ले जाता दिखा। दूसरी घटना मलिक का बगीचा बनभूलपुरा निवासी आसिफ के साथ हुई थी। 17 जुलाई को बेस हॉस्पिटल आए आसिफ की बाइक भी पार्किंग से चोरी हो गई। कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। संभवत: एक ही शख्स ने दोनों वारदातों को अंजाम दिया है।