बंदीरक्षक चंद्रशेखर सिंह का फाइल फोटो।
रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल से बाइक से रामनगर आ रहे बंदीरक्षक की बाइक को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बंदीरक्षक की मौत हो गई। बंदीरक्षक रामनगर में अपने बड़े भाई के घर पर आ रहा था और रविवार सुबह उसे मानिला जाना था। बंदीरक्षक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर सिंह (28) पुत्र हरी सिंह निवासी एडाकोट मानिला अल्मोड़ा, नैनीताल जेल में बंदीरक्षक के पद पर तैनात था। शनिवार को वह नैनीताल से यामाहा एफ जैड संख्या यूके-04एबी-5540 से रामनगर की ओर आ रहा था। रामनगर से महज पांच किलोमीटर की दूरी पर बैलगढ़ नाले के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में बंदीरक्षक बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे उपरार के लिए रामनगर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई कृतेश सिंह ने बताया कि उसका भाई चंद्रशेखर अविवाहित था और वह रामनगर में बड़े भाई बलवंत सिंह निवासी भरतपुरी के घर आ रहा था। रात में रामनगर में रुकने के बाद उसे रविवार सुबह एडाकोट मानिला जाना था। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि ट्रक की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।