हल्द्वानी। मुक्त विश्वविद्यालय के पास जंगल में बीते शुक्रवार को मिली सड़ी-गली लाश की शिनाख्त देवलचौड़ (हल्द्वानी) निवासी दीपक सिंह (32) के रूप में हुई। वह रामपुर रोड स्थित कार शोरूम में वॉशिंग का काम करता था। कोतवाली क्षेत्र में ओपन यूनिवर्सिटी के पास स्थित जंगल में 18 जुलाई को युवक की लाश बरामद हुई थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। शव आठ से 10 दिन पुराना लग रहा था। पुलिस को शव के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिले। शिनाख्त के लिए शव मोर्चरी में रखवा दिया गया था। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि शिनाख्त के लिए मृतक का फोटो जारी कर आसपास के थानों से भी जानकारी जुटाई। मंगलवार को युवक के परिजनों ने मोर्चरी पहुंच उसकी शिनाख्त दीपक (32) पुत्र स्व.दीवान सिंह के रूप में की। परिजनों के अनुसार दीपक देवबंधु विहार देवलचौड़ मानपुर पश्चिम में किराये के कमरे में रहता था। उसके दाएं हाथ में डीके गुदा हुआ था। यही उसकी पहचान करने में मददगार रहा। वह परिवार से अलग रहता था। पुलिस के अनुसार मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगी। संवाद