हल्द्वानी। प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों ने सोमवार को शारदा मार्केट में बगैर स्वीकृति के कराए जा रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद व्यापारियों ने शारदा मार्केट की सड़क की सुध न लेने पर अधिकारियों का घेराव किया। डीडीए के सचिव विजय नाथ शुक्ल और नगर आयुक्त ऋचा सिंह सोमवार को शारदा मार्केट पहुंचे। उन्होंने वहां बनाई जा रही सड़क व अन्य निर्माण कार्यों को देखा। प्राधिकरण सचिव शुक्ल ने बताया कि मार्केट के कारोबारी ने अपने आमने-सामने स्थित दो भवनों में आवाजाही के लिए बीच में रास्ता बना दिया है। इसके अलावा होटल के कमरों में शटर लगाकर उन्हें दुकान का रूप दे दिया है। मामले में संयुक्त सचिव स्तर से व्यापारी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने मार्केट में व्यापारियों की ओर से सड़क निर्माण कराने पर आपत्ति जताई। इस पर व्यापारी भड़क उठे। उन्होंने कहा कि 30 साल से नगर निगम ने बाजार की इस सड़क की मरम्मत नहीं की है। व्यापारी अपने खर्च पर सड़क बनवा रहे हैं तो कुछ लोगों को आपत्ति हो रही है। इस पर नगर आयुक्त ने निगम के एई से नापजोख कराकर शीघ्र सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया। वहां व्यापारी नेता वीरेंद्र गुप्ता, राजीव अग्रवाल, रामदत्त उप्रेती, राजीव शर्मा, नुसरत सिद्दिकी, अमोल मल्होत्रा आदि थे।