नैनीताल। सप्ताहांत और सोमवार को प्रकाश पर्व के अवकाश के चलते नगर में रविवार को भी पर्यटकों का भीड़ उमड़ी। पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के चलते दिन से ही पार्किंग स्थल पैक रहे जिसके चलते सुबह से देर शाम तक सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। वहीं दिन में कई बार लोअर माल रोड पर जाम लगता रहा।
रविवार सुबह से ही नैनीताल में पर्यटकों का आवक जारी रहा। सुबह ही नगर के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। पर्यटकों की भीड़ देख फड़ कारोबारियों ने भी सुबह से पंत पार्क में दुकानें सजा दीं। दोपहर तक नगर के पर्यटक स्थलों पर भीड़ रही। इसके बाद पर्यटक वाहन पार्क करने के लिए भटकते रहे।
सड़कों पर भी कई बार वाहनों की लंबी कतार नजर आई तो जाम भी लगा। इससे स्थानीय लोगों व पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं देर शाम तक पंतपार्क, बैंड स्टैंड, भोटिया बाजार, न्यू पालिका बाजार, चाट बाजार में पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। इसके अलावा नयना देवी मंदिर व गुरुद्वारे में भी सैकड़ो पर्यटक दर्शन करने पहुंचे।
-
नैनीझील नौकाओं से पटी रही
रविवार को बहुत समय के बाद नैनीझील भी नौकाओं से पटी रही। सुबह से शाम तक पर्यटक नौकायन का आनंद लेते रहे। बोट स्टैंड पर पर्यटकों की काफी भीड़ देखी गई।
-
पार्किंग नहीं मिली तो सड़कों पर पार्क हुए वाहन
पर्यटकों के वाहनों की संख्या बढ़ने के बाद पार्किंग स्थल पैक हो गए। जब पर्यटकों को वाहन पार्क करने की जगह नहीं मिली तो कई पर्यटकों ने अपने वाहन सड़क के किनारे ही पार्क कर दिए। कई स्थानों पर जाम लगने पर पुलिस ने वाहन हटाए, लेकिन कई स्थानों पुलिस पार्क वाहनों को हटाने में नाकाम रही।
-
कैंची से भवाली तक लगा जाम
भवाली (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर कैंची धाम से लेकर भवाली तक रविवार दोपहर से शाम तक जाम लगने से यात्रियों और सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर जाम लगने से अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, धारचूला, पिथौरागढ़, भवाली, हल्द्वानी और भीमताल आने वाले यात्रियों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा। जाम के चलते सड़क की दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। इससे आवाजाही बाधित रही। देर शाम वाहन चालकों ने वाहनों को आगे-पीछे करके यातायात सुचारु किया।