भीमताल/भवाली(नैनीताल)। पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ कारोबार बेहतर होने की उम्मीद लगाए बैठे पर्यटन कारोबारियों की उम्मीदों पर वनाग्नि ने पानी फेरने का काम किया है। पर्यटन कारोबारी अब हालात अनुकूल होने का इंतजार कर रहे हैं।
नैनीताल जिले में जंगलों के धधकने के कारण भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल, मुक्तेश्वर, भवाली और रामगढ़ के होटल और होम स्टे में सैलानियों ने मई की बुकिंग निरस्त कर दी है। बुकिंग निरस्त होने से पर्यटन कारोबारी परेशान हैं। बताया जाता है कि सोशल मीडिया में आग के फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद सैलानी यहां आने से बच रहे हैं। वहीं इन दिनों यहां पहुंचे सैलानी भी वनाग्नि की धुंध के चलते घुमने के लिए बाहर नहीं जा पा रहे हैं। इससे पैराग्लाइडिंग, नौकायन, जीप, लाइन, जॉरबिंग संचालकों का रोजगार प्रभावित हो रहा है।
अध्यक्ष होटल एसोसिएशन, भवाली, राजेंद्र प्रसाद कपिल ने बताया कि जंगलों में आग लगने से सैलानी बुकिंग कैंसिल कर रहे हैं। सैलानी पहाड़ आने से कतरा रहे हैं। इससे पर्यटन कारोबारी मायूस हैं। बारिश होने के बाद वनाग्नि से राहत मिल सकती है।
एप्पल इन होटल, प्रबंधक भीमताल, संजीव भगत ने बताया कि दिल्ली और यूपी के सैलानी उत्तराखंड में आग लगने की घटनाओं के बाद बुकिंग निरस्त करा रहे हैं। साथ ही भीमताल, भवाली क्षेत्र में निजी रिजॉर्ट में रहने वाले लोग भी यहां आने से डर रहे हैं। जंगल की आग से कारोबार प्रभावित हो रहा है।