नैनीताल। सप्ताहांत से पहले नैनीताल में पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से दिनभर वाहनों के पहिए जाम रहे। वीआईपी मूवमेंट के चलते भी लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते भी वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी हुई।
शुक्रवार सुबह से ही नैनीताल में काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे। दोपहर के बाद शहर के पार्किंग स्थल फुल हो गए। इसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से पर्यटक वाहनों को रूसी बाईपास में रोका गया। पुलिस के अनुसार करीब 500 वाहन रूसी बाईपास पर रोके गए। नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने चिड़ियाघर, केव गार्डन, रोपवे, कालाढूंगी रोड स्थित वाटर फॉल, बॉटनिकल गार्डन, हनुमान गढ़ी, स्नोव्यू में मौज-मस्ती की। तल्लीताल रोडवेज स्टेशन में सीट के लिए सैलानियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।