हल्द्वानी। जुलाई में पर्यटक सीजन कम होने लगा है। पिछले महीने तक पैक चल रहीं रेलगाड़ियों में अब पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। परिवहन निगम ने यात्रियों की घटती संख्या को देखते हुए दिल्ली रूट पर बसें कम कर दी हैं। रेलवे की वेबसाइट पर सोमवार रात नौ बजे की जानकारी के अनुसार नई दिल्ली से काठगोदाम चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में मंगलवार से रविवार तक सीटें उपलब्ध हैं। इसी तरह पुरानी दिल्ली से काठगोदाम चलने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में भी इस सप्ताह सीटें मौजूद हैं। पिछले महीने तक इन गाड़ियों में 60 से 100 तक वेटिंग चल रही थी। हालांकि जैसलमेर से काठगोदाम तक चलने वाली रानीखेत एक्सप्रेस में सीटों की 20 से 30 तक वेटिंग है। इसी तरह हावड़ा से काठगोदाम चलने वाली बाघ एक्सप्रेस में भी सीटों की वेटिंग हैं। इधर सोमवार को हल्द्वानी व काठगोदाम डिपो ने भी तीन से लेकर पांच बसें दिल्ली मार्ग पर नहीं भेजी, इसका कारण भी यात्री न मिलना बताया गया है।