माई सिटी रिपोर्टर
नैनीताल। लंबे समय से पर्यटकों का टोटा झेल रहे नैनीताल और इसके आसपास के पर्यटक स्थलों में शिवरात्रि के बाद से सैलानियों की आमद बढ़ी है। वीकेंड होने से भी पर्यटकों ने पहाड़ का रुख किया है।
बता दें कि पिछले कई दिनों से शहर में पर्यटक गतिविधियां मंदी पड़ी हुई थी लेकिन शुक्रवार को शिवरात्रि का अवकाश होने और उसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी के चलते यहां पहुंचने वाले सैलानियों की संख्या में इजाफा हुआ है। शनिवार सुबह से सैलानियों का नैनीताल पहुंचना शुरू हो गया था जो दोपहर बाद तक जारी रहा। यहां पहुंचे सैलानियों ने नौका विहार करने के साथ रोपवे का भी आनंद लिया। सैलानियों की आवक बढ़ने के बाद डीएसए मैदान समेत अन्य स्थानों पर स्थित पार्किंग स्थलों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा कहीं अधिक वाहन नजर आए।
मल्लीताल क्षेत्र में दिन में एक-दो बार हल्का जाम लगा लेकिन कुछ देर में यातायात सामान्य हो गया। होटल कारोबारी राजकुमार गुप्ता ने बताया कि अन्य दिनों की अपेक्षा शुक्रवार से काम बढ़ा है और शहर के निचले क्षेत्रों में स्थित होटलों के अधिकतर कमरे किराए पर लग रहे हैं। गाइड मोहन सिंह का कहना है कि दो दिन से काम ठीक चल रहा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि रविवार को भी नैनीताल में पर्यटक गतिविधियां बेहतर रहेंगी।