नैनीताल। होली पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने शहर में गश्त तेज कर दी है। देर रात तक पुलिस टीमें प्रमुख बाजारों, माल रोड और संवेदनशील इलाकों में निगरानी कर रही हैं। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि होली के मद्देनजर चीता कांस्टेबलों की ओर से रात्रि गश्त की जा रही है। हुड़दंग करने वालों और अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोतवाल और सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि होली के दौरान संभावित विवाद, मारपीट और अन्य घटनाओं पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस-प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। प्रशासन का उद्देश्य है कि उल्लास और सुरक्षा के माहौल में पर्व संपन्न हो।