हल्द्वानी। बार-बार खराब हो रहे नलकूपों से जल संस्थान की व्यवस्था ढर्रे पर नहीं आ पा रही है। शहर के तीन नलकूपों की मरम्मत का काम पूरा भी नहीं हुआ कि अब हाईडिल क्षेत्र के नलकूप ने भी साथ छोड़ दिया है। इससे संबंधित इलाकों के लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं।
शिवाशीष कॉलोनी, उजाला नगर और देवखड़ी के नलकूप कई दिन से खराब हैं। लोग दूर-दराज क्षेत्रों से पानी भरकर ला रहे हैं। जल संस्थान की टैंकर से आपूर्ति भी नाकाफी साबित हो रही है। अब बृहस्पतिवार को हाईडिल कॉलानी क्षेत्र का नलकूप भी फुंक गया है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रवि शंकर लोशाली ने बताया कि सभी नलकूपों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
आठ घंटे गुल रही बिजली
तीनपानी और कमलुवागांजा क्षेत्र में आठ घंटे बिजली कटौती रही। विद्युत वितरण खंड ग्रामीण के अधिशासी अभियंता दीनदयाल पांगती ने बताया कि बरेली रोड, रामपुर रोड समेत कई स्थानों पर लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है जिसके चलते आपूर्ति बाधित रही है।