हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति ठप होने से तीन हजार उपभोक्ता परेशान रहे। जल संस्थान ने प्रभावित इलाके में 24 घंटे बाद आपूर्ति बहाल की।
पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से गौला नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही काफी ज्यादा सिल्ट आ रही है। इस कारण बुधवार शाम काठगोदाम स्थित गौला हेड पंप हाउस से शीतलाहाट फिल्टर प्लांट की जलापूर्ति ठप हो गई। इसके चलते काठगोदाम के काल टैक्स, बद्रीपुरा, चांदमारी, नई बस्ती, ठोकर बस्ती आदि क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा गया। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद फिल्टर प्लांट को पानी मिला और शाम को जल संस्थान ने पेयजलापूर्ति की। अपर सहायक अभियंता सतीश बिष्ट ने बताया कि पेयजलापूर्ति ठप होने के बाद टैंकरों से प्रभावित क्षेत्र में पानी बांटा गया।