रामनगर (नैनीताल)। कोतवाली पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। ऊर्जा निगम की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया। ऊर्जा निगम के एसडीओ ललित मोहन ने बताया कि ग्राम राजपुर क्षेत्र में प्रधान सोबन सिंह, राजपुर छोटा निवासी कन्हैया और ग्राम थारी से प्यारो देवी को चेकिंग के दौरान बिजली चोरी करते पकड़ लिया। तीनों आरोपी कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे थे। एसडीओ ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। एसएसआई जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि ऊर्जा निगम के एसडीओ ललित मोहन की तहरीर पर तीनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।