नैनीताल। तल्लीताल पुलिस ने नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर आमपड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक किलो 700 ग्राम चरस के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रविवार को ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज अविनाश मौर्य आमपड़ाव क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रहे दो स्कूटी में सवार तीन युवक पुलिस को देख विपरीत दिशा में भागने लगे। ऐसे में पुलिस ने तत्परता से तीनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चरस बरामद किया गया। तीनों को गिरफ्तार कर पुलिस तल्लीताल थाने ले आई। एसओ रमेश सिंह बोरा ने बताया कि बनभूलपुरा निवासी मियाज खान के पास से 950 ग्राम, शब्बू अली के पास से 400 ग्राम और मो. मोबिन के पास से 350 ग्राम चरस बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दोनों स्कूटी भी सीज कर दी गई है। सोमवार को तीनों कोर्ट में पेश किया जाएगा।