हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित हाइडिल गेट सब स्टेशन में 10 मेगावाट एंपीयर का नया पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इससे एक पावर ट्रांसफार्मर में खराबी आने पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या से निजात मिलेगी। ऊर्जा निगम ने केंद्र सरकार की रिवैंप डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत प्रस्ताव भेजा है।
हाइडिल गेट सब स्टेशन पर 10 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर पूर्व में स्थापित है। इस पावर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने पर क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। सबस्टेशन पर नया पावर ट्रांसफार्मर लगने से इस समस्या से निजात मिलेगी। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता नवीन मिश्रा ने बताया कि आरडीएसएस स्कीम के तहत हाइडिल गेट सब स्टेशन पर 10 मेगावाट एंपीयर का पावर ट्रांसफार्मर लगना है। भविष्य में एक पावर ट्रांसफार्मर खराब होने पर दूसरे पावर ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति सुचारु की जा सकेगी।