नैनीताल। उत्तराखंड महिला मंच पदाधिकारियों ने शनिवार को विधायक सरिता आर्या को ज्ञापन सौंपकर अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में महिला मंच ने कहा कि पूर्व में इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मंच के शिष्टमंडल ने भी इसकी जांच की थी। मंच की रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से तथ्यों को तोड़ने मरोड़ने, तथ्य छिपाने और वीआईपी का नाम उजागर न करने की बात सामने आई थी। अब उर्मिला सनावर के बयानों में स्पष्ट रूप से नाम सार्वजनिक होने पर भी कार्रवाई नहीं होना कतई न्यायोचित नहीं है। इस मौके पर डॉ. शीला रजवार, पार्वती मेहरा, चंपा उपाध्याय, माया चिलवाल, गायत्री, भावना आदि रहे।