रामनगर (नैनीताल)। पति से मामूली कहासुनी के बाद बुधवार को महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। विवाहिता ने सुसाइड नोट में पति पर बच्चों की देखरेख नहीं करने का आरोप भी लगाया है। पॉली टंगोड़ा बेतालघाट निवासी निर्मला (23) पुत्री खीमानंद की शादी साल 2016 में नारायणपुर मूलिया निवासी दलीप कुमार पुत्र जोगाराम से हुई थी। शादी से डेढ़ साल का बेटा लक्ष्य है। पीरूमदारा चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा ने बताया कि बुधवार दोपहर में पति-पत्नी में कहासुनी हो गई। मामूली कहासुनी के बाद दलीप कुमार घर से बाहर निकल गया। इस बीच विवाहिता ने पंखे से लटककर जान दे दी। पति दलीप घर पहुंचा तो उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का सुसाइड नोट भी कब्जे में लिया और शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। विवाहिता के पिता खीमानंद ने बताया कि पुलिस ने हमें सुसाइड नोट नहीं दिखाया है। सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई करेंगे। संवाद