नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के चित्रकला एवं पेंटिंग विभाग की ओर से दो दिवसीय कला प्रदर्शनी का आयोजन शुरू हो गया है। प्रदर्शनी का शुभारंभ विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. एमएस मवाड़ी ने किया। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण विभाग के प्रतिभाशाली छात्र-कलाकारों की ओर से तैयार की गई विभिन्न पेंटिंग्स और अनूठी कलाकृतियां रहीं। विद्यार्थियों की मौलिक सोच और रचनात्मकता को एक उचित मंच देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में उनके हुनर की बारीकियों को प्रदर्शित किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. रीना ने बताया कि प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 से शाम चार बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि उन्हें अपनी कला को निखारने की प्रेरणा भी मिलती है।