हल्द्वानी। जिला प्रशासन, नगर निगम और पीडब्लूडी की संयुक्त टीम ने मंगलपड़ाव अंबेडकर पार्क और उसके सामने 200 मीटर सड़क के फुटपाथ में दुकान के बढ़ाए गए फर्श को देर रात दो जेसीबी लगाकर तोड़ दिया। व्यापारियों की ओर से मीटिंग में अतिक्रमण का विरोध किए जाने के बाद प्रशासन ने भारी पुलिस बुलाई थी।
शनिवार रात करीब 10 बजे नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम पारितोष वर्मा और पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार दल-बल के साथ मंगलपड़ाव आंबेडकर पार्क के पास दो जेसीबी के साथ पहुंचे। यहां लोनिवि ने सड़क की नपाई की। इसके बाद सड़क के किनारे करीब दोनों ओर 200 मीटर लंबाई में दुकानदारों की ओर से फुटपाथ में डाला गया फर्श जेसीबी से तोड़ दिया। इसके बाद लोनिवि ने मलबा हटाकर यहां पर सड़क बनाना शुरू कर दिया है।