नैनीताल। शनिवार को वाहनों के भारी दबाव और चरमराई पार्किंग व्यवस्था के कारण मेरठ से पहुंचे दिनेश तलवार और दिशा तलवार को अपना जनजागरण अभियान बिना चलाए ही वापस लौटना पड़ा। देशभर में पिछले 32 वर्षों से जनसंख्या नियंत्रण अभियान चला रहे इस दंपती को मॉलरोड पर पार्किंग के लिए करीब दो घंटे तक इधर-उधर भटकना पड़ा और जगह न मिलने के कारण उन्हें अपना कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। तलवार दंपती ने कहा कि जब शहर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, तो इतनी बड़ी संख्या में वाहनों को प्रवेश क्यों दिया जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यटकों से पार्किंग के नाम पर 500 तक का भारी शुल्क लिया जा रहा है, फिर भी गाड़ियां खड़ी करने की जगह नहीं मिल रही है। मॉलरोड पर जगह न मिलने के कारण दंपती ने वापस लौटते समय नैनीताल से हल्द्वानी मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर लोगों से संपर्क किया। उन्होंने आम जनता से जनसंख्या नियंत्रण के समर्थन में प्रधानमंत्री को पत्र लिखने की अपील की। संवाद