नैनीताल। पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में मंगलवार को विकसित भारत और युवा कनेक्ट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से आयोजित हुआ जिसमें जिले के 10 स्कूलों के एनएसएस प्रभारियों और कैडेट्स ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या, भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट और यूथ आइकॉन सोमेश शर्मा ने किया। प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने सभी का स्वागत किया। मुख्य वक्ता सोमेश शर्मा ने युवाओं से अपनी ऊर्जा और नवाचार को देश की प्रगति में लगाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को रेखांकित करते हुए छात्रों से अनुशासन, कड़ी मेहनत और देशप्रेम के मार्ग पर चलने की अपील की। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, विशिष्ट अतिथि डॉ. ललित पांडे और प्रो. जगमोहन सिंह नेगी ने भी युवाओं को समाज सेवा का महत्व समझाया। यहां एनएसएस प्रभारी रजत कुमार सिंह, उमेश, माधव आदि मौजूद रहे। संवाद