फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haldwani News: जमरानी बांध डूब क्षेत्र के 12 गांवों की बदलेगी तस्वीर, ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

Sat, 01 Aug 2026 07:41 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी

सार

जमरानी बांध परियोजना से प्रभावित डूब क्षेत्र के 12 गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए परियोजना इकाई ने बड़ी योजना बनाई है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
विज्ञापन
Jamrani Dam - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जमरानी बांध परियोजना के कारण प्रभावित होने वाले डूब क्षेत्र और उसके आसपास के गांवों में अब बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर होगी। परियोजना इकाई ने ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए 12 गांवों में बड़े स्तर पर विकास कार्य शुरू करने की योजना बनाई है।

जमरानी बांध परियोजना इकाई के प्रबंधक हिमांशु पंत ने बताया कि गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण काम किए जा रहे हैं। इसके तहत 12 गांवों में कुल 500 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। ये सभी 20 वाट की एलईडी लाइटें होंगी, जिससे रात के समय आवागमन सुरक्षित होगा और अंधेरे की समस्या खत्म होगी। पहले चरण में 12 गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। अब 500 नई स्ट्रीट लाइटें और लगाकर पूरे क्षेत्र को रोशन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए गांवों में सोलर फेंसिंग लगाई जाएगी। इससे किसानों की फसलें सुरक्षित रहेंगी और उन्हें आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। इसके साथ ही गांवों के बच्चों के लिए खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी खेल-कूद कर अपना शारीरिक और मानसिक विकास कर सकें।

ग्रामीणों की सुविधा के लिए सार्वजनिक स्थलों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण भी किया जाएगा। इससे साफ-सफाई और स्वास्थ्य बेहतर होगा। प्रबंधक ने कहा कि इसके अलावा ग्रामीणों की मांग और जरूरतों के हिसाब से अन्य सुविधाएं भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रयास है कि किसी भी गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव न रहे।

उल्लेखनीय है कि जमरानी बांध परियोजना को पर्यावरणीय क्लियरेंस देते समय पर्यावरण मंत्रालय ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि डूब क्षेत्र के गांवों में साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण और लोगों की आधारभूत जरूरतों को पूरा किया जाए। मंत्रालय के इन्हीं निर्देशों के क्रम में परियोजना इकाई की ओर से यह सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

परियोजना का उद्देश्य केवल बांध निर्माण ही नहीं, बल्कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों के जीवन को आसान बनाना भी है। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। - बीबी पांडेय, डीजीएम, जमरानी बांध परियोजना इकाई

विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें