नैनीताल। लेक ब्रिज और पार्किंग ठेके में कार्यरत करीब 25 निकाय कर्मचारियों की पालिका में वापसी से निकाय कार्यों को गति मिलेगी। बीते एक वर्ष से नगर पालिका के करीब 15 कर्मचारी लेक ब्रिज में जबकि सात पार्किंग समेत अन्य कार्यों में जुटे रहते थे। इनमें कर विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एमई आदि के कर्मचारी शामिल थे। समूह की 30 महिलाएं भी इसमें सहयोग कर रही थीं। लेक ब्रिज व पार्किंग की निविदा के बाद पालिका को करीब 25 कर्मचारी वापस मिले हैं। पालिका को समूह की महिलाओं को भी मानदेय नहीं देना होगा। पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल का कहना है कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर पालिका कार्यों में तेजी लाएं।