नैनीताल। लॉकडाउन की वजह से पहाड़ के कई लोग दिल्ली से वापस नहीं आ पा रहे हैं। ऐसे में सांसद अजय भट्ट ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। बृहस्पतिवार को उन्होंने तीन गाड़ियों की व्यवस्था कर 100 से ज्यादा लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए रवाना कर दिया। वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल रावत ने बताया कि नैनीताल के जॉयविला क्षेत्र के रहने वाला नौ लोगों का एक परिवार पिछले दिनों तीर्थ यात्रा पर निकला था जो वापसी के दौरान दिल्ली में फंस गया था। इसके अलावा हल्द्वानी की तीन छात्राएं भी वापस नहीं आ पा रही थीं। साथ ही बागेश्वर, अल्मोड़ा, रामनगर आदि क्षेत्रों के कई लोग भी रैन बसेरों में ठहरे हुए थे। इन सभी लोगों को हल्द्वानी और देहरादून लाने के लिए तीन वाहनों की व्यवस्था की गई और उन्हें उनकी मंजिल के लिए रवाना कर दिया गया।