नैनीताल के चार्टन लाज क्षेत्र में दो माह पहले भरभराकर गिरा मकान जो आज भी उसी स्थिति में है।
नैनीताल। नैनीताल में चार्टन लॉज क्षेत्र में दो महीने पहले भूस्खलन के चलते एक मकान तिरछा हो गया था। इसके नीचे बड़ी संख्या में आबादी रहती है। यदि थोड़ी बहुत भूगर्भीय हलचल हुई तो यह मकान ढह सकता है जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में लोनिवि ने जल्द ही इसके ध्वस्तीकरण की बात कही है।
इसी साल 23 सितंबर को नैनीताल के चार्टन लाज क्षेत्र में भूस्खलन के बाद एक दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया था। मकान के गिरने से नीचे की ओर स्थित दो अन्य भवन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। तब प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र के 22 मकानों को खाली कराकर उनमें अपने ताले लगा दिए थे, साथ ही भू वैज्ञानिक के साथ टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद भूस्खलन रोकने के लिए जियो बैग की दीवार लगाने और भूस्खलन वाले ऊपरी क्षेत्र को बरसाती पानी से बचाव के लिए तिरपाल डालने की सिफारिश की थी। लोगों की मांग पर लोनिवि ने अगले सप्ताह से क्षतिग्रस्त भवन के ध्वस्तीकरण की योजना बनाई है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि चार्टन लाज के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के स्थायी उपचार के लिए सर्वे व डिजाइन करने के लिए आईआईटी रुड़की से पत्राचार किया गया है। उन्होंने बताया कि दो माह पहले भरभराकर गिरे मकान को अगले हफ्ते सोमवार या मंगलवार से तोड़ना शुरू कर दिया जाएगा।