भीमताल ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं के बीच प्रस्तुति देती बॉलीवुड गायिका नेहा
भीमताल (नैनीताल)। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में मंगलवार शाम वार्षिक समारोह ग्राफेस्ट-23 में पहली शाम मशहूर गायिका नेहा कक्कड़ के नाम रही। नेहा के दिल को करार आया... समेत अन्य गीतों पर ग्राफिक एरा के हजारों छात्र-छात्राएं झूमते नजर आए।
नेहा ने मिले हो तुम हमको बड़े नसीबों से..., काला चश्मा..., कोका कोला तू... दिल धड़काए सीटी बजाए... आदि गीत गाए तो छात्र-छात्राएं खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। मोबाइल के कैमरों की लाइट जलाकर कार्यक्रम का आनंद उठा रहे छात्रों के लिए जब नेहा कक्कड़ ने मंच से माइक आगे को किया तो छात्रों ने भी गीतों पर सुर से सुर मिलाते हुए समा बांध दिया। नेहा के गीत सुनने के लिए मैदान खचाखच भरा रहा। नेहा ने कहा कि यहां के छात्र-छात्राओं का प्यार उन्हें भीमताल खींच लाया। छात्रों से मिले प्यार ने शाम को खास और यादगार बना दिया। इससे पहले ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला और वाइस चेयरपर्सन राखी ने नेहा कक्कड़ का स्वागत किया। चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि हर क्षेत्र में सफलता पाने के लिए कठिन परिश्रम और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करके आगे बढ़ना जरूरी है। एक अच्छा प्रोफेशनल बनकर जिंदगी संवारने के साथ ही यह भी आवश्यक है कि अपने आसपास अच्छा परिवेश बनाया जाए। संचालन साहिब सबलोक ने किया। इस दौरान परिसर निदेशक प्रो. डॉ. एमसी लोहनी, हल्द्वानी परिसर निदेशक डॉ. मनीष बिष्ट, डॉ. संदीप कुमार बुधानी, डॉ. नवनीत जोशी, डॉ. संदीप सुनोरी आदि मौजूद रहे।