नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) स्तर की प्रवेश प्रक्रिया की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। परिसर में 17 जुलाई से सभी विभागों में दाखिले शुरू हो जाएंगे। छात्र अधिष्ठाता कल्याण प्रो. संजय पंत ने बताया कि प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची बुधवार को जारी की जाएगी जिसे छात्र परिसर की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर देख सकते हैं। दाखिलों को पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी संकायों में विशेष कमेटियां गठित की गई हैं। यह कमेटियां आवेदनों की जांच कर मेरिट के आधार पर सीट आवंटित करेंगी। इस वर्ष बीए की 600, बीएससी की 380, बीकॉम की 280, बीकॉम ऑनर्स की 180, जबकि बीसीए और बीबीए की 60-60 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। प्रो. पंत ने चयनित छात्रों को अपने मूल अभिलेखों के साथ निर्धारित तिथि पर संबंधित विभाग में उपस्थित होने की सलाह दी है।