हल्द्वानी। कोचिंग आ रहे चोरगलिया निवासी छात्र के साथ ऑटो वाले का पांच रुपये किराये को लेकर विवाद हो गया। इस बीच ऑटो चालक ने छात्र के सिर पर मोबाइल से हमला कर दिया और फरार हो गया। छात्र ने भोटियापड़ाव चौकी में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने ऑटो चालक की ढूंढखोज शुरू कर दी है।
चोरगलिया निवासी हरेंद्र सिंह बोरा दुर्गासिटी सेंटर में कंप्यूटर सीखता है। सीएचसी सेंटर संचालक राकेश गोस्वामी ने बताया कि उनका परिचित 23 वर्षीय हरेंद्र सिंह बोरा रोजाना चोरगलिया से हल्द्वानी आता है। शनिवार शाम करीब चार बजे वह नगर निगम कार्यालय से एमबीपीजी कॉलेज तक ऑटो रिक्शा में आया।
एमबीपीजी कॉलेज के पास स्थित नैनीताल बैंक के पास जब ऑटो रुका तो चालक और युवक का पांच रुपये किराये को लेकर विवाद हो गया। जब युवक ने वीडियो बनाना शुरू किया तो चालक ने उसका मोबाइल छीनकर हरेंद्र के सिर पर मार दिया। इसके बाद ऑटो चालक फरार हो गया। युवक की सूचना पर सीएचसी संचालक मौके पर पहुंचे और उसे बेस अस्पताल ले गए। इलाज में उसके सिर में तीन टांके आए हैं। कोतवाल उमेश मलिक ने बताया कि आरोपी ऑटो रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।