नैनीताल। सिने अभिनेता निर्मल पांडे की स्मृति में उनके जन्मदिवस पर सांस्कृतिक संस्था युगमंच एवं प्रयोगांक संस्था की ओर से नाट्य महोत्सव हुआ। इसके तहत मंगलवार को अंतिम युद्ध नाटक का मंचन किया गया। प्रयोगांक संस्था की ओर से प्रस्तुत नाटक में तीसरे विश्वयुद्ध के बाद की मानवीय भूख एवं दर्द को जीवंत किया गया। सीआरएसटी के जगदीश साह प्रेक्षागृह में हुए नाटक से पूर्व सिने अभिनेता निर्मल पांडे के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए। इसके बाद अंतिम युद्ध नाटक में युद्ध से बचने के लिए बंकर में छिपे चार लोगों के जीवन के बारे में बताया गया। नाटक में मदन मेहरा, दीपक सहदेव, राजेश आर्या, योगिता तिवारी, उमेश कांडपाल, एचएस राणा, अनिल कुमार, मुकेश धस्माना विभिन्न भूमिकाओं में हैं। इस मौके पर डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, जहूर आलम, मिथिलेश पांडे, भास्कर, डीके शर्मा, डॉ. हिमांशु पांडे, मनोज कुमार, डॉ. मोहित सनवाल आदि मौजूद रहे।