रामनगर। टांडा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सड़क खोदकर पानी की लाइन डालने के बाद जल निगम सड़क ठीक भरना भूल गया। इसके चलते आए दिन लोगों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। कुछ समय पूर्व रामनगर के टांडा क्षेत्र स्थित तेलीपुरा चोपड़ा के बीच पेयजल लाइन बिछाने का कार्य शुरू हुआ। जल निगम के ठेकेदारों ने सड़क खोदकर लाइन बिछाई। लाइन बिछाने के बाद खोदी गई सड़क को दुरुस्त करना विभाग भूल गया। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इस कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। जल निगम की अधिशासी अभियंता पल्लवी चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर संबंधित ठेकेदार को नोटिस भेजकर सड़क का कार्य कराया जाएगा।