भीमताल। खनन न्यास निधि से जिले के 50 सरकारी विद्यालयों की दशा सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने पांच करोड़ के प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजे हैं। विभाग की ओर से खनन कार्यों से जुड़े बेतालघाट, रामगनर, हल्द्वानी, कोटाबाग और भीमताल के विद्यालयों के लिए इस धनराशि की मांग की गई है। मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जायसवाल ने बताया कि खनन न्यास निधि से 50 विद्यालयों को बेहतर बनाया जाएगा। सीईओ ने कहा कि पांच करोड़ रुपये के प्रस्ताव भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द बजट मिलने की उम्मीद है। बजट मिलते ही विद्यालयों में निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।