हल्द्वानी। दोपहर बाद बादल छाने के बाद भी गर्मी का एहसास हुआ। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों में पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और चमोली में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। मंगलवार को सुबह से ही चटख धूप खिली थी। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी का एहसास हुआ। दोपहर बाद आसमान पर बादल छा गए मगर गर्मी कम नहीं हुई। अधिकतम तापमान 27.2 और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन-तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहे। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 21.9 और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से आठ और न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।