नैनीताल। इन दिनों नगर में कूड़ा उठान न होने की दिक्कत और मेट्रोपोल में कूड़े के अंबार को लेकर डीएम के तल्ख तेवर के बाद कटघरे में खड़ी पालिका प्रशासन एक दूसरे पर इस अव्यवस्था का ठीकरा फोड़ रही है। बृहस्पतिवार को नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी पूजा ने टीआई से कूड़ा उठान न होने को लेकर जवाब तलब किया है जबकि कार्यालय अधिशासी से स्पष्टीकरण मांगा है। जिसे लेकर पालिका का माहौल खासा गर्म रहा। कार्यालय अधीक्षक ने तो अपनी 32 वर्ष की बेदाग सेवाओं व हवाला देते हुए पद से इस्तीफा देते हुए निलंबन की मांग की है।
बीते दिनों मेट्रोपोल और नगर क्षेत्र से कूड़ा न उठने का मामला समाचार पत्रों की सुर्खियों में रहा। इधर नगर में पहुंचे मंत्रियों के साथ ही शिकायत जिला प्रशासन तक भी पहुंच गई जिसके बाद पालिका ने कूड़ा उठान तेज किया।
ईओ ने टीआई हिमांशु चंद्रा से कूड़ा न उठने पर जवाब तलब किया है जबकि कार्यालय अधीक्षक शिवराज नेगी से 26 जून को परगनाधिकारी की न्यायालय से उपस्थित होने संबंधित पत्र को उनके संज्ञान में न लाने का स्पष्टीकरण मांगा है। प्रभारी ओएस नेगी ने 32 वर्षों की संतोषजनक सेवा में पहली बार प्रार्थी की बिना किसी भी त्रुटि के स्पष्टीकरण पत्र पर रोष जताया है। कहा कि संबंधित पत्र उन्हें बीते दिवस 4:45 बजे मिला। कार्यालय व्यवस्थाओं के क्रम में बीते चार दिनों से ईओ की ओेर से अग्रसारित होने वाली डाक भी वह स्वयं अग्रसारित कर रहे हैं।
ईओ के निर्देश से उन्हें मानसिक आघात पहुंचा है। वह हृदयरोगी हैं, बीमारी के चलते कई बार इस पद से हटाने की मांग की। पूर्व में तत्कालीन पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी, फिर ईओ राहुल आनंद और अब प्रशासक केएन गोस्वामी के आश्वासन पर वह इस पद पर कार्य कर रहे हैं। सभी से उन्हें कार्य के प्रति सराहना मिली।
उन्होंने अतिशीघ्र निलंबित करने की मांग को लेकर ईओ को पत्र प्रेषित कर दिया है। इधर टीआई हिमांशु का कहना है कि टायरों की दिक्कत के चलते कूड़ा उठान में परेशानी हुई। सभी लिखित प्रपत्रों के आधार पर वह अपना पक्ष रखेंगे। ओएस नेगी के स्पष्टीकरण पर निकाय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन चिलवाल व पदाधिकारी ईओ से मिले। देवभूमि सफाई कर्मचारी अध्यक्ष धर्मेश ने कहा कि वह भी मामले में ईओ व उच्चाधिकारियों से मिलेंगे।
ईओ, पूजा चंद्रा ने बताया कि ये पालिका का आंतरिक मामला है। डाक न मिलने पर ओस से स्पष्टीकरण मांगा है जबकि कूड़ा उठान न होने पर टीआई से जवाब मांगा है।
प्रशासक पालिका, केएन गोस्वामी ने बताया कि मामले में कुछ जानकारी मिली थी, लेकिन प्रकरण पूर्णत: उनके संज्ञान में नहीं है। संभवत: शुक्रवार को नैनीताल आने के बाद मामले में प्रत्येक पक्ष से वार्ता की जाएगी।