टीएचडीसी की टीम हैड़ाखाल रोड पर भूस्लखन वाले क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए। विज्ञप्ति
हल्द्वानी। काठगोदाम-हैड़ाखान-साननी-सिमलिया मोटरमार्ग का सोमवार को टीएचडीसी (टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कारपोरेशन) और लोनिवि के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। टीएचडीसी के अधिकारियों ने कहा कि भूस्खलन वाले क्षेत्र में सक्रिय स्लिप जोन बन गए हैं। बिना ट्रीटमेंट किए इस भूस्खलन को नहीं रोका जा सकता है। मंगलवार को सुबह नौ बजे से टीएचडीसी के अधिकारी इसकी मैपिंग करेंगे।
टीएचडीसी के डीजीएम पीडी सिंह, सीनियर मैनेजर जेआर कोठारी, सर्वेयर बलराम हल्द्वानी पहुंचे। इसके बाद वे यहां से लोक निर्माण विभाग के एई मनोज पांडे के साथ हैड़ाखान रोड पहुंचे और भूस्खलन वाली जगह का निरीक्षण किया। एई मनोज पांडे ने बताया कि टीएचडीसी के अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन सामान्य नहीं है। ये वृहद है और यहां पर सक्रिय स्लिप जोन बन गए हैं। कहा कि बिना ट्रीटमेंट के पहाड़ी का भूस्खलन रोका नहीं जा सकता है।
पांडे ने बताया कि मंगलवार को टीएचडीसी की टीम स्लिप सर्किल जोन की मैपिंग करेगी और देर शाम तक रिपोर्ट देगी। इसके बाद पता चल पाएगा कि सड़क की सुरक्षा के लिए क्या-क्या काम कराने हैं। उधर, सोमवार को भी पोकलैंड भूस्खलन वाले क्षेत्र से मलबा हटाती रही।