हल्द्वानी। एक अनाथ युवती को वक्त के थपेड़ों ने ऐसा दर्द दिया कि वह हर तरह से असहाय हो गई। जिंदगी की पारी की शुरुआत करने के लिए जिस युवक पर भरोसा किया था उसने गर्भवती होने पर साथ छोड़ गया। अब जब बेटा पैदा हुआ तो वह भी सिर्फ 14 दिन तक साथ दे पाया। रविवार को बेटे ने सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
काशीपुर की रहने वाली एक युवती ने दो जनवरी को बेटे को जन्म दिया था। सातवें महीने में प्रसव होने पर शिशु की हालत गंभीर थी। 14 जनवरी को तबियत ज्यादा खराब होने पर उसे निजी अस्पताल से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया था। रविवार रात शिशु की सासें थम गईं। मेडिकल चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शिशु के शव को युवती के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि बार-बार कॉल करने के बाद भी शिशु का पिता नहीं पहुंचा। पुलिस के अनुसार, युवती के माता-पिता नहीं हैं। वह सौतेले पिता के साथ रहती थी।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
हल्द्वानी। युवती ने कुछ दिन पहले ही काशीपुर थाने में मोहल्ला अल्ली खां तीन टावर निवासी अजीम रहमान पर प्रेम जाल में फंसाने का आरोप लगाया था। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि शादी की बात करने पर युवक ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी। संवाद