सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करने वाले मुक्तेश्वर को पर्यटन विभाग ट्रैकिंग रूट के तौर पर भी विकसित करेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से मुक्तेश्वर स्थित थकूड टॉप को चुना गया है। सौंदर्यीकरण के बाद यह इलाका मुक्तेश्वर को नई पहचान दिलाएगा।
जिला योजना के दस लाख रुपये से पर्यटन विभाग थकूड टॉप को विकसित करेगा। क्षेत्र के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध होने के साथ पर्यटन स्थल के रूप में भी नई पहचान मिलेगी। पर्यटन विभाग की ओर से थकूड टॉप पर सैलानियों के लिए ट्रैक रूट की व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच, स्ट्रीट लाइट और सौंदर्यीकरण के अन्य कार्य किए जाएंगे। इससे मुक्तेश्वर महादेव मंदिर आने वाले सैलानी थकूड टॉप पर भी आसानी से पहुंच सकेंगे। इसके लिए विभाग की ओर से कार्ययोजना तैयार की गई।
जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि मुक्तेश्वर में हर साल हजारों की संख्या में सैलानी घूमने आते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थित थकूड टॉप को ट्रैक रूट में विकसित करने के साथ अन्य सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे। ट्रैक रूट विकसित होने से क्षेत्र में सैलानियों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। भंडारी ने कहा कि इसके लिए विभाग जल्द काम करेगा।