हल्द्वानी। दोस्त के भतीजे को गोली मारने के मामले का पुलिस जल्द खुलासा कर सकती है। पुलिस आरोपियों के बेहद करीब पहुंच चुकी है। उधर परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों को देहरादून और यूपी के रामपुर भेजा गया है।
शनिवार देर रात टीपीनगर क्षेत्र के आनंदपुर गांव निवासी सुशील मौर्य के 16 वर्षीय बेटे वेदांत को गोली मारकर दो युवक फरार हो गए थे। सुशील के मुताबिक शराब के नशे में विवाद के बाद आरोपी किशन उर्फ बब्लू ने उनके बेटे पर फायर झोंक दिया था। इस दौरान उसका साथी सुरेंद्र सिंह साही निवासी नेपाल भी वहीं था। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि आरोपी नेपाल या यूपी भाग सकते हैं। साथ ही आरोपी मुख्य रूप से दून का रहने वाला है। इस कारण एक टीम देहरादून और दूसरी यूपी के रामपुर, मुरादाबाद और बरेली भेजी गई है। नेपाल बॉर्डर पर एसओजी को भेजा गया है। साथ ही सीमा बल को भी सक्रिय कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस आरोपियों के बेहद करीब पहुंच चुकी है। जल्द ही इस मामले के दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस खुलासा कर सकती है।
मादक पदार्थ तस्करी में जा चुका है जेल
मुख्य आरोपी किशन उर्फ बब्लू के खिलाफ दून में एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज है। कोर्ट के आदेश पर वह जेल भी जा चुका है। उधर पुलिस यह पता लगा रही है कि दोनों आरोपी क्या काम करते थे। क्या ये यहां से भी तो कहीं कोई धंधा तो नहीं कर रहे थे। कहीं पैसों के लेनदेन को लेकर तो विवाद नहीं हुआ था।