नैनीताल। नगर में सड़क के किनारे अनधिकृत रूप से पार्क दोपहिया वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने से भड़के टैक्सी चालकों ने बुधवार को कोतवाली में हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर परेशान करने व हाथापाई करने का आरोप लगाया। हंगामे की खबर मिलने पर राजनीतिक दल से जुड़े कुछ नेता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हस्तक्षेप कर मामला शांत हराया। वहीं कोतवाल ने दो टूक कहा कि नियमों का पूरी तरह अनुपालन कराया जाएगा। किसी को नियम तोड़ने नहीं दिया जाएगा। नो पार्किंग जोन में खड़ी बाइक बर्दाश्त नहीं होगी।
नैनीताल में इन दिनों टैक्सी बाइक का दबाव बढ़ने लगा है। लगभग पांच सौ से ज्यादा बाइक प्रतिदिन या तो सड़क पर दौड़ती हैं या फिर सड़क किनारे पार्क कर दी जाती हैं। जिससे पर्यटकों व राहगीरों को पैदल चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क किनारे पार्क वाहनों से यातायात भी बाधित होता है। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने मल्लीताल में अभियान चलाया। पुलिस द्वारा सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई तो दोपहिया टैक्सी चालक भड़क गए। उन्होंने कोतवाली में करीब एक घंटे तक हंगामा किया। टैक्सी चालकों ने पुलिस पर बेवजह परेशान करने व हाथापाई करने का आरोप लगाया। हंगामे के दौरान राजनीतिक दल से जुड़े नेताओं के दखल व जनप्रतिनिधि के फोन से हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि टैक्सी बाइक संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि सड़क किनारे पार्क वाहनों से यातायात बाधित होने पर कार्रवाई की जाएगी।