नैनीताल। नगर में हो रहे विकास कार्य के साथ तल्लीताल डांठ से बाजार क्रांति चौक तक भी टाइल्स लगाने और पारंपरिक स्वरूप में सौंदर्यीकरण एवं लाइट्स लगाने के कार्य हुए। कभी नालियों के ओवरफ्लो की मरम्मत तो कभी सीवर लाइन खोलने के नाम पर विभागों की ओर से कार्य किए गए। इस दौरान आकर्षक टाइल्स को निकाला गया लेकिन उन्हें लगाया नहीं गया। इसके अलावा क्रांति चौक से नैनीताल बैंक तक की मुख्य बाजार में सौंदर्यीकरण कार्य हुआ ही नहीं। इसके चलते यहां दशकों पूर्व लगी टाइल्स कई जगह उखड़ गई है और गड्ढे हो गए हैं, जो टाइल्स लगी हैं वो भी क्षतिग्रस्त हैं। बरसात में गड्ढों में पानी भरना आम है। बीते दिनों व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति साह ने इस बाबत जिलाधिकारी से वार्ता की। डीएम ने त्वरित पैचिंग कार्य कराने का आश्वासन दिया है। वार्ड सभासद गीता उप्रेती ने भी लोनिवि के अधिकारियों के समक्ष इस समस्या को रखा। विभाग ने शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा है।