बेतालघाट (नैनीताल)। तल्ली सेठी प्राथमिक विद्यालय के क्वारंटीन सेंटर में रह रही महेंद्र सिंह की छह वर्षीय बेटी अंजलि की सांप के काटने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक महेंद्र सिंह नौ दिन पूर्व अपने परिवार के साथ दिल्ली से पैतृक गांव तल्लीसेठी पहुंचे थे।
उनके साथ पत्नी, भाई और दो बच्चे आए थे। ऑपरेशन होने के कारण महेंद्र को घर पर क्वारंटीन किया गया और एहतियात के तौर पर बाकी लोगों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। सोमवार को सुबह पांच बजे अंजली को सांप ने कान में ने डस लिया। जब वह जोर से रोने लगी तब उसकी मां ने देखा कि वहां से लंबा सांप गुजर रहा था। आनन-फानन में पूरा गांव इकट्ठा हो गया और उन्होंने अंजलि को बचाने के लिए घरेलू नुख्से अपनाने शुरू कर दिए। जब उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तब वे उसे 12 बजे सीएससी बेतालघाट ले गए जहां इलाज के दौरान अंजलि ने दम तोड़ दिया। उसके पिता दिल्ली में प्राइवेट वाहन चलाते हैं। संवाद