हल्द्वानी/चाेरगलिया। साप्ताहिक भ्रमण और जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत डीएम वंदना ने शनिवार को गौलापार क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। वह पीएचसी चोरगलिया भी पहुंचीं। इस दौरान जनसुनवाई में लोगों ने पानी, सड़क, बिजली और भू-कटाव के मुद्दे उठाए।
कहा कि बरसात में सूर्यानाला के उफान पर आने से जनहानि, वनहानि, भू-क्षरण व भू-कटाव हो जाता है। डीएम ने सिंचाई, वन, लोनिवि व राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से ड्रोन फोटोग्राफी कर सर्वे कराने और राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत प्रस्ताव बनाने को कहा।
चोरगलिया कैनाल सिस्टम में काई जमने से काश्तकारों को पानी नहीं मिल रहा। इसके लिए डीएम ने सिंचाई विभाग के ईई को डीपीआर बनाने के लिए कहा।
-तीन दिन में काम शुरू न हो तो निरस्त कर दें ठेकेदार का बांड
ग्राम इंद्रपुर में जलजीवन मिशन के कार्यों के निरीक्षण के दौरान डीएम ने जल संस्थान के ईई को लालकुआं डिविजन में अब तक चालू नहीं हुई योजनाओं और लंबित कार्यों के संबंध में ठेकेदार को तीन दिन के भीतर कार्य शुरू करने का नोटिस देने को कहा। बोलीं, तीन दिन में कार्य शुरू नहीं हो तो संबंधित ठेकेदार की बांड अवधि निरस्त कर दें।
जून से अगस्त तक विशेष टीम तैनात हो
- सीएमओ को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोरगलिया में जून से अगस्त तक विशेष टीम तैनात रखने व अस्थायी रूप से कार्यरत चिकित्सक को चोरगलिया में ही तैनात रखने के निर्देश दिए।
- चार महिलाओं को मिला लखपति दीदी सम्मान
डीएम वंदना ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय आजीविका मिशन योजना के तहत विकासखंड हल्द्वानी की ग्राम पंचायत नया गांव की तीन और खनवाल कटान की एक महिला को लखपति दीदी के रूप में सम्मानित किया। इसके अलावा ग्राम पंचायत नया गांव कटान की पांच स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 12 लाख की सीसीएल राशि वितरित की।
- साल भर पहले पोल लाए कनेक्शन नहीं दिया
नया गांव के ग्रामीणों ने रोस्टिंग की समस्या उठाई। कहा सुबह बिजली गुल होने से घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। डीएम ने ऊर्जा निगम सितारगंज के ईई को सुबह के समय रोस्टिंग के समय में बदलाव करने के निर्देश दिए। माधवानंद जोशी ने शिकायत की कि नया गांव में दो विद्युत कनेक्शन होने हैं। विभाग ने पोल तो रख दिए लेकिन लगाए आज तक नहीं। डीएम ने ऊर्जा निगम के ईई को एक सप्ताह में पोल लगाकर विद्युत कनेक्शन देने के निर्देश दिए।