हल्द्वानी। लोकसभा चुनाव के चलते सरकारी कर्मचारियों की निर्वाचन में ड्यूटी लगी हैं। ऐसे में अक्सर सरकारी विभागों में अधिकारी और कर्मचारियों की कमी देखने को मिलती है। शुक्रवार को रामपुर रोड स्थित खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में अलग नजारा देखने को मिला। गेट के बाहर चस्पा नोटिस में केवल कार्यालय के समस्त कर्मचारियों की लोकसभा चुनाव में ड्यूटी लगने की सूचना थी। जबकि कार्यालय कब तक बंद रहेगा, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। ऐसे में सुबह से कई कार्ड धारक अपना कार्य कराने पहुंचे लेकिन उनका कार्य नहीं हो पाया। हालांकि दोपहर एक बजे के बाद कर्मचारियों ने कार्यालय खोल दिया। संवाद
लोगों का कहना:
मैं राशन कार्ड में अपना नाम चढ़वाने आया था। वृद्धावस्था पेंशन में आवेदन करने के लिए राशन कार्ड में नाम होना जरूरी है। कल भी आया था लेकिन काम नहीं हो पाया। कर्मचारियों ने कहा कि अगले दिन आना। यहां पहुंचने पर पता लगा की कार्यालय तो बंद है।
- छत्रपाल मौर्य, पीलीकोठी
राशन कार्ड की कॉपी लेने आई था। जिसका राशन कार्ड है वो बाहर गए है। किसी सरकारी दस्तावेज में राशन कार्ड की कॉपी लगानी थी। बिना किसी सूचना के कार्यालय बंद रहा। इस वजह से काफी परेशानी का सामना पड़ा है।
- बलजीत कौर, कालाढूंगी रोड
अपने राशन कार्ड में नाम को ठीक करवाना था। सुबह से दो बार कार्यालय आए थे। सोचा की बाद में कार्यालय खुल जाएगा। ऑफिस बंद होने से दिक्कता का सामना करना पड़ा।
-वैभव पांडे, मुखानी
पुराने राशन कार्ड में नाम बदलवाना था। पहले बने राशन कार्ड में मेरे भाई का नाम था। शादी होने के बाद मुझे अपना निजी कार्ड बनवाना था। इसके लिए आज कार्यालय आया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
- चंद्र प्रकाश, बिठौरिया
कोट
पूर्ति विभाग के लगभग सभी कर्मचारियों की ड्यूटी लोकसभा चुनाव में लगी हैं। चुनाव में लगी गाड़ियाें में ईधन व्यवस्था को उपलब्ध करवाना और खान पान की व्यवस्था को सही से बनाए रखने की जिम्मेदारी विभाग की हैं। इसके बाद भी कार्यालय को बंद नहीं करने के निर्देश थे। अचानक चुनाव में अधिक कर्मचारियों की मांग को लेकर उन्हें वहां जाना पड़ा। लेकिन कार्यालय को किसी भी हाल में बंद नहीं रखने के आदेश दिए थे। दोपहर एक बजे के बाद कार्यालय दोबारा खोल दिया गया।
- दिव्या पांडे, क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी, हल्द्वानी