नैनीताल। नैनीताल स्थित जीबी पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान में जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने उपाय शुरू कर दिए हैं। इनमें उनकी डाइट में परिवर्तन के साथ ही हीटर, ब्लोअर की व्यवस्था आदि शामिल है। चिड़ियाघर में टाइगर, भालू, विभिन्न प्रकार की फीजेंट्स आदि के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
चिड़ियाघर के सभी प्राणियों की डाइट में मिनरल्स और विटामिंस की मात्रा भी बढ़ाई गई है जबकि भालू को दिए जाने वाले शहद की मात्रा में भी इजाफा किया गया है। जू के रेंज अधिकारी अजय रावत ने बताया कि फीजेंट्स को भी भोजन के अतिरिक्त उबले अंडे मसलकर दिए जा रहे हैं जबकि टाइगर को उसकी नियमित डाइट के अतिरिक्त रोजाना कच्चे अंडे भी दिए जा रहे हैं जिससे उनमें गर्मी बनी रहे।
उन्होंने बताया कि अधिकतर वन्यजीवों के बाड़े में गर्मी बनाए रखने के लिए हल्दू के पत्ते बिछाए गए हैं जबकि जो टाइगर मैदानी इलाकों के हैं उनके बाड़ों में अतिरिक्त गर्मी के लिए ब्लोअर भी लगाए गए हैं। रावत ने बताया कि वन्यजीवों को सर्दी से बचाने के लिए यह व्यवस्था एक दिसंबर से लागू की गई है जो मार्च तक जारी रहेगी।