हल्द्वानी। कब्ज, भूख न लगना और मलद्वार से खून आने जैसी शिकायतों को नजरअंदाज करना पांच मरीजों को भारी पड़ा। जांच में सभी को बड़ी आंत और मलाशय के कैंसर की पुष्टि हुई। सुशीला तिवारी अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग ने पिछले दो माह में पांचों मरीजों के जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए। सर्जरी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ऑपरेशन कराने वाले मरीजों में चमोली निवासी 36 वर्षीय युवक, नैनीताल निवासी 62 वर्षीय महिला, 18 वर्षीय युवक, अल्मोड़ा निवासी 59 वर्षीय पुरुष और 46 वर्षीय महिला शामिल हैं। सभी मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। जनरल सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रतीक शाक्य के नेतृत्व में ये ऑपरेशन हुए। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या और चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. अरुण जोशी ने टीम को बधाई दी। डॉ. प्रतीक शाक्य ने बताया कि मल में खून आना, मल त्याग की आदतों में बदलाव और बिना वजह वजन कम होना कोलोरेक्टल कैंसर के प्रमुख लक्षण हैं।