नैनीताल। बीते दिनों छात्र नेताओं की ओर से किए गए विरोध के बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय ने विलंब शुल्क बढ़ोतरी का फैसला वापस ले लिया है। अब विद्यार्थी 50 फीसदी अतिरिक्त शुल्क दिए बिना ही परीक्षा आवेदन 20 नवंबर तक कर सकते हैं। बता दें शुक्रवार को कुमाऊं विवि के प्रशासनिक भवन में पहुंचकर छात्र नेताओं ने विलंब शुल्क का विरोध किया था। शनिवार को विवि ने विषम सेमेस्टर परीक्षा आवेदन पत्र के लिए लगाए गए 50 प्रतिशत अतिरिक्त विलंब शुल्क को वापस ले लिया। कुलसचिव डॉ. एमएस मंद्रवाल ने बताया कि स्नातक, स्नातकोत्तर तथा व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के मुख्य, बैंक एवं एक्स के तृतीय, पंचम, सप्तम और नवम सेमेस्टर तथा स्नातक, स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर बैंक परीक्षा के लिए समर्थ और ईआरपी पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर तक खुली रहेगी। विद्यार्थी kunainital.samarth.edu.in और kuntl.net पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन पत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों ने पूर्व में विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया है, उनकी शुल्क वापसी से संबंधित जानकारी जल्द ही पोर्टल पर जारी की जाएगी।