नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में पेयजल समस्या का समाधान नहीं होने पर गुस्साए छात्र नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की। मंगलवार को छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल व सचिव आयुष आर्या ने परिसर के सभी वाटर टैंक, वाटर कूलर और आरओ की जांच की। महासंघ अध्यक्ष ने बताया कि परिसर के सभी टैंक खाली है। यही नहीं परिसर में लगे वाटर कूलर खराब पड़े हुए हैं। परिसर निदेशक को इस संबंध में कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। परिसर निदेशक नीता बोरा शर्मा ने बताया कि शाम को जेई अतुल कुमार से सभी टैंकों व वाटर कूलरों की जांच कर पेयजल समस्या दूर करवा दी गई है।