हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में धरने पर बैठे छात्रों को समझाते कोतवाल हरेंद्र चौधरी।
हल्द्वानी। स्नातकोत्तर में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों ने मंगलवार को एमबीपीजी कॉलेज में तालाबंदी की। दिनभर कॉलेज में गहमा-गहमी का माहौल रहा और शिक्षण कार्य प्रभावित रहा।प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने कुलपति से फोन पर छात्रों की बातचीत करवाई। उसके बाद छात्र धरने से उठने को राजी हुए और 48 घंटे के भीतर मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
एमबीपीजी कॉलेज में इन दिनों परीक्षाओं की कॉपी जांचने, प्रेक्टिकल और शिक्षण कार्य चल रहा है। स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में सीट बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों ने मंगलवार को कॉलेज परिसर में तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया। कुमाऊं विवि और उच्च शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारे लगाते हुए छात्रों ने प्राचार्य कक्ष, कार्यालय और कक्षाओं में भी ताले जड़ दिए। छात्रों की कॉलेज के सुरक्षाकर्मी के साथ धक्कामुक्की भी हुई। गेट पर धरने पर बैठे छात्रों ने एसपी क्राइम की गाड़ी को मुख्य गेट से बाहर जाने से भी रोका। वहीं पुलिस के समझाने पर छात्रों ने रास्ता खोला। छात्र देर शाम तक कॉलेज में धरने पर डटे रहे। प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने कुलपति से छात्रों की फोन पर बात करवाई। कुलपति ने छात्रों के मांग पत्र को शासन को भेजे जाने की बात कही और शासन से दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार करने को कहा। इस पर छात्रों ने 48 घंटों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में शोभित कुमार, यश कुमार, पवन सिंह बिष्ट, अजय कुमार, विक्रम सिंह बिष्ट, उमाशंकर तिवारी, हर्ष शर्मा, बिलाल अहमद आदि शामिल थे। प्रो. संजय खत्री ने कहा कि महाविद्यालय में मूल्यांकन कार्य और शैक्षणिक कार्य चल रहे हैं। इसमें किसी भी प्रकार का व्यवधान करना अनुचित है।
एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया देर शाम तक छात्रों को मनाने के प्रयास किए गए। कुलपति के आश्वासन के बाद छात्र धरने से उठ गए हैं। छात्रों की मांगों को कुमाऊं विवि की ओर से शासन को भेज दिया गया है। शासन से दिशा-निर्देश मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्रों से अपील की है कि शिक्षण कार्य को प्रभावित न किया जाए।