नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय नवाचार एवं इनक्यूबेशन केंद्र की ओर से चेली आर्ट्स, मनकापुर कंपाउंड हाईकोर्ट के पास स्थित प्री-इन्क्यूबेशन यूनिट में फील्ड, एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने सतत उद्यमिता, प्राकृतिक उत्पाद निर्माण और पारंपरिक वस्त्र तकनीक का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने पिछौड़ा निर्माण, कपड़ों पर ईको-प्रिंटिंग, प्राकृतिक होली रंग तैयार करना और धूप निर्माण की प्रक्रिया को देखा। बृहस्पतिवार को हुए कार्यक्रम में छात्रों को बताया गया कि प्राकृतिक रंगों और पौधों पर आधारित तकनीकों के माध्यम से पारंपरिक डिज़ाइन किस प्रकार तैयार किए जाते हैं जिससे पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक उद्यमिता को जोड़ा जा सकता है। चेली आर्ट्स की संस्थापक डॉ. किरण तिवारी ने बताया कि उन्होंने अपने स्टार्टअप की शुरुआत घर के एक छोटे कमरे से शौक के रूप में की थी जो आज एक सफल उद्यम का रूप ले चुका है। गीता तिवारी, डॉ. पैनी जोशी उपाध्याय, डॉ. हरदेश कुमार और डॉ. हर्ष चौहान ने विचार रखे।