हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज के छात्रों ने स्नातकोत्तर में सीटें बढ़ाने, स्नातक के पंजीकरण की तिथि बढ़ाने और द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. एएस उनियाल को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का कहना है कि स्नातकोत्तर में सीटें फुल होने के कारण कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा लेने से वंचित हो गए हैं।
बताया कि पूर्व में उच्च शिक्षा मंत्री ने पीजी की सीटें बढ़ाने की घोषणा भी की थी जो आज तक पूरी नहीं हुई है। छात्र नेता उमाशंकर तिवारी ने कहा कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने के लिए कई छात्र भटक रहे हैं जबकि द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम घोषित ना होने से छात्र तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। छात्रों ने मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। संयुक्त निदेशक प्रो. उनियाल ने छात्रों की मांगे पूरी करने का आश्वास दिया है। ज्ञापन देने वालों में चंदन मेवाड़ी, अभिषेक दुम्का आदि मौजूद रहे। संवाद
दो दिन के लिए खुलेगा समर्थ पोर्टल : प्रो. उनियाल
हल्द्वानी। उच्च शिक्षा के संयुक्त निदेशक प्रो. एएस उनियाल का कहना है कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल दो दिन के लिए खोला जाएगा। प्रो. उनियाल ने बताया कि इंटरमीडिएट में सुधार परीक्षा देने वाले सीबीएसई और उत्तराखंड बोर्ड के रिजल्ट घोषित होने के बाद समर्थ पोर्टल दो दिन के लिए खोल जाएगा जो छात्र-छात्राएं स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने से वंचित रह गए हैं वे अपना नामांकन करवा लें। बताया कि स्नातक तृतीय वर्ष की सुधार परीक्षा के रिजल्ट जल्द ही आने वाले हैं। इसके बाद पीजी में प्रवेश पंजीकरण के लिए भी समर्थ पोर्टल दो दिन के लिए खुलेगा। संवाद